नई दिल्ली/जगदलपुर। देशभर में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभ...
नई दिल्ली/जगदलपुर। देशभर में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप और कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली का शुभारंभ उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने हरी झंडी दिखाकर किया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोगों ने बाइक रैली में भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से दिल्ली की सड़कें गूंज उठीं और पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।
तिरंगा बाइक रैली में देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पूरे उत्साह के साथ रैली में हिस्सा लेते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना व्यक्त की।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गर्व और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल भारत की पहचान नहीं, बल्कि देश की एकता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करनी चाहिए।
बस्तर और कांकेर के दोनों सांसदों की इस सहभागिता ने बस्तर अंचल की ओर से भी राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभक्ति के संदेश को मजबूती प्रदान की। रैली में उमड़ा जनसैलाब ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति लोगों के उत्साह और देशप्रेम की भावना का जीवंत उदाहरण बना।


No comments