जगदलपुर। बस्तर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बर...
जगदलपुर। बस्तर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को कुड़कानार निवासी पीलासिंह नाग अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 17 KM 2833 को घर के सामने खड़ी कर सो गए थे। रात करीब 1 बजे जब वे घर से बाहर निकले तो मोटरसाइकिल गायब मिली। अज्ञात चोर द्वारा मोटरसाइकिल चोरी किए जाने की रिपोर्ट पर थाना बस्तर में अपराध क्रमांक 45/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के दिशा-निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बस्तर निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
13 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय कुमार सक्सेना (26 वर्ष), निवासी धरमपुरा-01, विकास नगर जगदलपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त की।
जांच में अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को 13 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बस्तर निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक उमेश चंदेल, प्रधान आरक्षक चोवादास गेंदले, आरक्षक अंकित पटनायक एवं डीएसएफ आरक्षक गनीराम कश्यप का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पीड़ित की मोटरसाइकिल वापस बरामद कर ली गई।


No comments