जगदलपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की...
जगदलपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बस्तर के जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन तथा कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
अभिलाष यादव ने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने कुल 199 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीतते हुए देश और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। उनकी यह सफलता प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगी और आने वाली पीढ़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की खेल एवं युवा हितैषी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा प्रदेश के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाला निर्णय है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर अभ्यास, समर्पण और आत्मविश्वास के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। यह संदेश युवाओं तक पहुंचेगा कि ईमानदार मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के साथ कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
अभिलाष यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार महिलाओं तथा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करें तथा विश्व पटल पर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश को नई सफलताएं दिलाएंगी और प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।


No comments