जगदलपुर( विमलेन्दु शेखर झा): महारानी अस्पताल एवं शासकीय मेडिकल कॉलेज (मेकाज) में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टरों की जारी ह...
जगदलपुर( विमलेन्दु शेखर झा):
महारानी अस्पताल एवं शासकीय मेडिकल कॉलेज (मेकाज) में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टरों की जारी हड़ताल को पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव रेखचंद जैन का समर्थन मिला है। जैन ने अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पहुंचकर इंटर्न डॉक्टरों की मांग को जायज बताते हुए राज्य सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
मंगलवार से हड़ताल पर बैठे इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय से उनका स्टाइपेंड नहीं बढ़ाया गया है, जबकि महंगाई और कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। उनका कहना है कि मरीजों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इंटर्न डॉक्टरों को वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप सम्मानजनक स्टाइपेंड मिलना चाहिए।
धरना स्थल पर पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भूपेश बघेल के कार्यकाल में जो स्टाइपेंड निर्धारित किया गया था, उसमें वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इंटर्न डॉक्टर कठिन परिस्थितियों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हैं और उनकी मेहनत तथा समर्पण को देखते हुए स्टाइपेंड में वृद्धि आवश्यक है।
रेखचंद जैन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए डॉक्टरों की मांग पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित न हों।
धरना प्रदर्शन में हेमू उपाध्याय, विजय सिंह, कुलदीप भदौरिया, निर्मल लोढ़ा, जावेद खान, जालंधर नाग सहित अन्य समर्थक भी मौजूद रहे और इंटर्न डॉक्टरों के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


No comments