जगदलपुर। CGPSC सब-इंस्पेक्टर भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों के नामों को लेकर कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर उठाए जा रहे सवा...
जगदलपुर। CGPSC सब-इंस्पेक्टर भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों के नामों को लेकर कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर उठाए जा रहे सवालों के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला बस्तर के अध्यक्ष इंजीनियर अभिलाष यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों के स्वयं सामने आकर स्थिति स्पष्ट करने के बाद कांग्रेस द्वारा फैलाया जा रहा कथित भ्रम बेनकाब हो गया है।
अभिलाष यादव ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले युवाओं ने लंबे समय तक कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ तैयारी की है। ऐसे में उनकी सफलता और प्रतिभा पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से आग्रह किया कि यदि किसी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल हैं तो उन्हें तथ्यों और प्रमाणों के साथ सामने रखना चाहिए, न कि चयनित युवाओं के नामों को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य को राजनीतिक मुद्दा बनाकर बदनाम करने की कोशिश नकारात्मक राजनीति का उदाहरण है। भाजपा सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी व्यवस्था, निष्पक्ष अवसर और प्रदेश के युवाओं के भविष्य को मजबूत करना है।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि राजनीति के लिए कथित झूठे नैरेटिव गढ़ने के बजाय वह तथ्यों के साथ अपनी बात रखे। बस्तर का युवा अब जागरूक है और वह भ्रम, झूठ तथा राजनीतिक प्रचार के बीच अंतर समझता है।
अभिलाष यादव ने CGPSC सब-इंस्पेक्टर भर्ती में चयनित सभी अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता बस्तर और छत्तीसगढ़ के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सम्मान, अधिकार और उज्ज्वल भविष्य के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।


No comments