‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ के0 तहत 10 सितंबर को हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधरोपण कार्यक्रम, महापौर संजय पाण्डेय ने किया स्थल निरीक्षण जगदलपुर। ...
‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ के0 तहत 10 सितंबर को हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधरोपण कार्यक्रम, महापौर संजय पाण्डेय ने किया स्थल निरीक्षण
जगदलपुर। पर्यावरण संरक्षण और जगदलपुर को हरित एवं सुंदर शहर बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत 10 सितंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंद्रावती से गोरिया बहार तक वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 2700 से अधिक पौधे रोपे जाएंगे।
हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार सुबह 8:30 बजे जनजातीय गौरव वाटिका, कुम्हड़ाकोट के सामने किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सहभागी होंगे।
इंद्रावती से गोरिया बहार तक तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महापौर संजय पाण्डेय ने इंद्रावती से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने पौधरोपण स्थल का जायजा लेने के साथ अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
पौधरोपण को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर का रंग-रोगन कर उसे आकर्षक स्वरूप दिया गया है। वन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नगर पालिक निगम जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में इसी मार्ग पर 2700 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। पौधों के रोपण से राष्ट्रीय राजमार्ग का यह हिस्सा आने वाले समय में हरित पट्टी के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।
‘विकसित और हरित जगदलपुर’ का संकल्प
महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि जगदलपुर का विकास केवल सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है। एक सुंदर, स्वच्छ और हरित शहर का निर्माण भी समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के माध्यम से शहर की हरित पहचान को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी। नगर निगम का प्रयास है कि बेहतर सड़कें, व्यवस्थित यातायात, स्वच्छ वातावरण, विकसित नागरिक सुविधाओं और पर्याप्त हरियाली का संतुलित विकास हो।
महापौर ने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाले वर्षों में जगदलपुर की पहचान बने, इसके लिए पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल जरूरी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे पौधरोपण कार्यक्रम में सहभागी बनने के साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।
वन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहयोग से होने वाला यह अभियान जगदलपुर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



No comments