850 की आबादी और 200 राशन कार्ड, 3 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है राशन लेने जगदलपुर। संवाददाता विमलेंदु शेखर झा। ग्राम पंचायत मरेठा के आश्रित पा...
850 की आबादी और 200 राशन कार्ड, 3 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है राशन लेने
जगदलपुर। संवाददाता विमलेंदु शेखर झा। ग्राम पंचायत मरेठा के आश्रित पारा सरगीगुड़ा के ग्रामीणों ने क्षेत्र में नया राशन दुकान खोलने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और राशन वितरण से जुड़ी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया।ग्रामीणों के अनुसार विकासखंड बकावंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मरेठा के आश्रित पारा सरगीगुड़ा की कुल आबादी करीब 850 है तथा यहां लगभग 200 राशन कार्डधारी परिवार हैं। वर्तमान में राशन लेने के लिए ग्रामीणों को करीब तीन किलोमीटर दूर मरेठा स्थित राशन दुकान जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि दूरी के कारण विशेष रूप से बुजुर्ग महिला-पुरुषों को काफी परेशानी होती है। वहीं राशन दुकान में अधिक भीड़ और दोनों पारा के बीच कथित राजनीतिक मनमुटाव के कारण बड़ी संख्या में हितग्राही राशन लेने नहीं जा पाते।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि इस संबंध में 31 अगस्त को खाद्य निरीक्षक बकावंड के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत की गई थी, लेकिन उनकी शिकायत पर एकपक्षीय कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों ने राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि अगस्त 2026 में वितरित किए गए चावल में कथित तौर पर तीन किलोग्राम की कमी की जा रही है। इसके अलावा पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद चना, गुड़ और नमक का ऑनलाइन वितरण दर्ज किए जाने के बाद भी सभी हितग्राहियों को सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। ग्रामीणों ने राशन दुकान संचालकों पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सरगीगुड़ा में स्थायी अथवा अस्थायी रूप से पृथक राशन दुकान की व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्र के हितग्राहियों को समय पर और सुविधाजनक तरीके से राशन मिल सके।



No comments