जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में वन एवं अन्य महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे बस्तर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कैबिनेट मंत्री केदा...
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में वन एवं अन्य महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे बस्तर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के नाम प्रदेश में सबसे लंबे समय तक मंत्री रहने का रिकॉर्ड दर्ज होने पर भाजपा बस्तर जिला महामंत्री रजनीश पानीग्राही ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने केदार कश्यप के राजनीतिक सफर की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
रजनीश पानीग्राही ने कहा कि बस्तर की धरती से शुरू हुआ केदार कश्यप का राजनीतिक सफर सत्ता परिवर्तन और राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बावजूद लगातार आगे बढ़ता रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के तीनों कार्यकाल में केदार कश्यप लगातार करीब 15 वर्षों तक मंत्री रहे। उस समय वे प्रदेश के सबसे कम उम्र के मंत्रियों में शामिल थे। वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार में वे चौथी बार मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
पानीग्राही के अनुसार, दोनों अवधियों को मिलाकर केदार कश्यप का मंत्री के रूप में कार्यकाल करीब 17 वर्ष 9 महीने का हो गया है। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ की राजनीति में इतने लंबे समय तक मंत्री पद पर बने रहना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
रजनीश पानीग्राही ने कहा कि केदार कश्यप ने राजनीति में जिस तरह की निरंतरता कायम की है, वहां तक पहुंचना किसी भी राजनीतिक नेता के लिए आसान नहीं है। इसके लिए केवल चुनाव जीतना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि लंबे समय तक जनता के बीच सक्रिय रहकर संगठन और क्षेत्र की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में मंत्रियों के लिए अपना कार्यकाल लगातार जारी रखना चुनौतीपूर्ण है। ऐसे समय में केदार कश्यप का लंबे समय तक मंत्री पद पर बने रहना उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता और बस्तर संभाग में मजबूत जनाधार को दर्शाता है।
रजनीश पानीग्राही ने बताया कि लंबे समय तक मंत्री रहने के रिकॉर्ड में केदार कश्यप के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल का नाम आता है। उनके अनुसार, बृजमोहन अग्रवाल डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में करीब 15 वर्षों तक मंत्री रहे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में भी लगभग छह महीने मंत्री रहे। रायपुर से सांसद निर्वाचित होने के बाद उनका मंत्री पद का कार्यकाल समाप्त हुआ।
पानीग्राही के मुताबिक बृजमोहन अग्रवाल का कुल मंत्री कार्यकाल करीब 15 वर्ष 6 महीने रहा है। इस लिहाज से केदार कश्यप का मंत्री के रूप में कार्यकाल उनसे आगे निकल गया है।
भाजपा जिला महामंत्री रजनीश पानीग्राही ने कहा कि केदार कश्यप की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत राजनीतिक रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि बस्तर संभाग के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि केदार कश्यप का राजनीतिक सफर आगे भी जारी है और आने वाले समय में वे छत्तीसगढ़ की राजनीति में और ऊंचाइयां हासिल करें, यही उनकी शुभकामना है।


No comments