जिला कार्यालय में संगोष्ठी आयोजित, कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रखर राष्...
जिला कार्यालय में संगोष्ठी आयोजित, कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रखर राष्ट्रचिंतक, एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय का पुण्य स्मरण करते हुए उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। संगोष्ठी में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्रसेवा के विचारों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. सुभाऊ कश्यप ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अपने विचारों और सिद्धांतों के माध्यम से राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी दृष्टि प्रस्तुत की, जिसके केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति था। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण तथा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से पं. दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक संतोष बाफना ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का स्पष्ट मानना था कि विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उनका अंत्योदय का सिद्धांत गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय का दर्शन आज भी राष्ट्र निर्माण एवं जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रेरणास्रोत है। भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचार, आदर्श और राष्ट्रसेवा का भाव सदैव देश और समाज को प्रेरित करता रहेगा। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके आदर्शों के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का लाभ पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री परीस राम बेसरा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही ने किया। इस अवसर पर योगेन्द्र पाण्डेय, रामाश्रय सिंह, सफीरा साहू, रोहित त्रिवेदी, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, सुरेश गुप्ता, राजेंद्र बाजपेयी, राजपाल कसेर, दिगम्बर राव, शशिनाथ पाठक, संजय चंद्राकर, अतुल सिम्हा, अभिलाष यादव, योगेश मिश्रा, सूर्यभूषण सिंह, दिनेश केजी, ब्रिजेश शर्मा, संतोष त्रिपाठी, कलावती कसेर, प्रमिला कपूर, संजय विश्वकर्मा, धनुर्जय कश्यप, जयप्रकाश पाढ़ी, पितामह नायक, शंकर राव सोनी, शेखर साहू, सतीश बाजपेयी, रामनारायण ताटी, सत्यप्रकाश गुप्ता, अनिमेष चौहान, राज पाण्डेय, भुवनेश्वर बघेल, मनोहर सेठिया, बसंती नायक, हिना खातून, अरूणेन्द्र शुक्ला, राधेश्याम सेठिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



No comments