अभिषेक नायडू ने प्रशासन से मनमाना किराया तत्काल रोकने की मांग की, कार्रवाई नहीं होने पर RTO कार्यालय घेराव की चेतावनी जगदलपुर (विमलेंदु शे...
अभिषेक नायडू ने प्रशासन से मनमाना किराया तत्काल रोकने की मांग की, कार्रवाई नहीं होने पर RTO कार्यालय घेराव की चेतावनी
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। किरंदुल-विशाखापट्नम रेल मार्ग बाधित होने के कारण किरंदुल-विशाखापट्नम एक्सप्रेस का परिचालन प्रभावित होने के बीच निजी बसों के बढ़े किराए को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अभिषेक नायडू ने आरोप लगाया है कि रेल सेवा बंद होने से यात्रियों की बढ़ी मजबूरी का फायदा उठाते हुए कुछ निजी बस ऑपरेटर मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
अभिषेक नायडू के अनुसार, जिन बसों में पहले जगदलपुर से विशाखापट्नम तक करीब 750 से 800 रुपये किराया लिया जाता था, उनमें अब यात्रियों से 1200 से 1800 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर किराया व्यवस्था की जांच कराने और नियमों के विपरीत वसूली पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की है।
नायडू ने कहा कि जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग बेहतर चिकित्सा सुविधा एवं इलाज के लिए विशाखापट्नम जाते हैं। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को बढ़े हुए किराए के कारण अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने RTO बस्तर, जिला प्रशासन और परिवहन विभाग से यात्रियों की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। साथ ही उन्होंने परिवहन मंत्री केदार कश्यप पर इस मुद्दे को लेकर निष्क्रियता का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मनमाने किराए पर तत्काल अंकुश नहीं लगाया और यात्रियों को राहत नहीं दी, तो कांग्रेस जनता के हित में RTO कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेगी।


No comments