मुरिया दरबार और लालबाग की आमसभा में राष्ट्रपति की सहभागिता को बताया बस्तर की जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं के सम्मान का अवसर जगदलप...
मुरिया दरबार और लालबाग की आमसभा में राष्ट्रपति की सहभागिता को बताया बस्तर की जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं के सम्मान का अवसर
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा)। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के बस्तर आगमन पर सांसद महेश कश्यप ने मां दंतेश्वरी विमानतल, जगदलपुर में पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। राष्ट्रपति के बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार और लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा में शामिल होने के लिए बस्तर पहुंचने पर सांसद ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का बस्तर की पावन धरती पर आगमन समूचे क्षेत्र के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। बस्तर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ हजारों वर्षों पुरानी जनजातीय संस्कृति, विशिष्ट परंपराओं और सामाजिक समरसता के लिए जाना जाता है। राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर दशहरा आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का जीवंत प्रतीक है। वहीं, ऐतिहासिक मुरिया दरबार जनजातीय समाज की आवाज, पारंपरिक व्यवस्था और सामुदायिक सहभागिता की विशिष्ट पहचान है। ऐसे ऐतिहासिक आयोजन में देश की राष्ट्रपति की सहभागिता बस्तर के लिए यादगार अवसर है।
उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति के आगमन से बस्तर की गौरवशाली जनजातीय परंपराओं को व्यापक पहचान मिलेगी और देश-दुनिया का ध्यान क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति की ओर आकर्षित होगा।
सांसद ने उल्लेख किया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इससे पहले बस्तर पंडुम के अवसर पर भी क्षेत्र का दौरा कर चुकी हैं। उनका पुनः बस्तर आगमन यहां की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और विशिष्ट सामाजिक पहचान को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
महेश कश्यप ने कहा कि बस्तरवासी अपनी आत्मीयता, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत करते हैं। राष्ट्रपति का यह प्रवास क्षेत्र की गौरवशाली पहचान और जनजातीय समाज के सांस्कृतिक सम्मान को और मजबूती प्रदान करेगा।



No comments