ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण, विभिन्न शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): लोहण्डीगुड़ा ग्राम पंचायत कक...
ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण, विभिन्न शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): लोहण्डीगुड़ा ग्राम पंचायत ककनार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल मुख्य रूप से शामिल हुए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और शासकीय सेवाओं को ग्रामीणों तक स्थानीय स्तर पर पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
इस दौरान विधायक विनायक गोयल ने क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री और कंबल वितरित किए। साथ ही हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
शिविर में ग्रामीणों ने पेंशन, राशन, आवास, राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, दस्तावेज सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनायक गोयल ने कहा कि ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से शासन की सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए स्थानीय स्तर पर समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “हर ब्लॉक में लगेंगे सरकारी सेवाओं के कैंप, नागरिक पाएंगे हर लाभ ऑन द स्पॉट” की भावना के साथ शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित होने के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सुविधा हो रही है।
विधायक ने अधिकारियों को ग्रामीणों के आवेदनों और समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें राहत एवं आवश्यक शासकीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, मंडल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शिवनंदन पेगड़, नरेश खापर्डे, सतीश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




No comments