जगदलपुर : आज के समय में लगातार वृक्षों की संख्या में कमी हो रही है, जिसके कारण हमें कई अनचाही बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। पर्यावरण क...
जगदलपुर: आज के समय में लगातार वृक्षों की संख्या में कमी हो रही है, जिसके कारण हमें कई अनचाही बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में पेड़-पौधों का अहम योगदान होता है, जो हमारे भविष्य को सुरक्षित करते हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत प्राचार्य, शिक्षक, और बच्चों ने मिलकर पौधारोपण किया।
इस अभियान के दौरान, सभी बच्चे हरे रंग के कपड़े पहनकर अपने साथ आम, नीम, कटहल, गुलाब, और मोंगरा जैसे पौधे लेकर आए थे। प्राचार्य श्री मनोज शंकर जी ने पर्यावरण बचाने का संदेश देते हुए कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" शब्द ही वृक्षों की भांति विशालता का परिचायक हैं। एक पौधा पेड़ बनता है और उनके छांव तले जीव-जंतु सुख का अनुभव करते हैं। हमारे लिए यह एक वरदान है, जो शुद्ध और ताजी हवा, फूल, फल, छाया, और लकड़ियां प्रदान करता है।
पर्यावरण के प्रति बच्चों को जागरूक करते हुए, प्राचार्य ने कहा कि दिनों दिन बढ़ती गर्मी और घटते जल स्तर को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि सिर्फ पौधारोपण करने से हमारी जिम्मेदारी खत्म नहीं होती, बल्कि पौधे को बड़ा होने तक सुरक्षित रखना भी हमारा दायित्व है।
विद्यालय में पौधारोपण का यह अभियान पूरे एक माह तक चलेगा और सभी विद्यार्थियों को कक्षा अनुसार पौधारोपण करने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही, पौधों की देखभाल करने की भी सलाह दी गई है। इस अवसर पर डी.ए.वी. स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी, और सभी बच्चों ने उत्सुकतापूर्वक अपनी भागीदारी दिखाई।
यह अभियान न केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण बनाने का प्रयास भी है।
No comments