जगदलपुर: भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से लेकर गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा...
जगदलपुर: भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से लेकर गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा की शुरुआत आज बुधवार से की। कार्यक्रम के प्रथम दिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में स्वच्छता अभियान चलाया, पौधरोपण किया और रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ सेवा कार्यों में हिस्सा लिया। सुबह महाराणा प्रताप चौक से उन्होंने स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद महात्मा गांधी स्कूल परिसर, गंगामुंडा स्थित विश्वकर्मा मंदिर और दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए।
इसी क्रम में महारानी जिला अस्पताल में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 75 यूनिट रक्तदान हुआ। प्रदेश अध्यक्ष देव ने रक्तदाताओं से भेंट कर उनका आभार जताया और उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा सेवा पखवाड़ा भाजपा की राष्ट्र सेवा और जन सेवा की भावना का प्रतीक है। इसमें हर दिन समाजहित के लिए विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे और जनता को भी इसमें जोड़ा जाएगा।
आज के कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, महापौर संजय पाण्डेय, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
No comments