रायपुर: प्रदेश में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य साक्षरता...
रायपुर: प्रदेश में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, स्कूल शिक्षा विभाग, गृह एवं परिवहन विभाग तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रायपुर स्थित एससीईआरटी परिसर में किया गया।
इस प्रतियोगिता में रायपुर, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर एवं सरगुजा संभाग से चयनित कुल 15 टीमों ने भाग लिया। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य छात्र-छात्राओं के माध्यम से समाज में यह संदेश देना था कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करना, उन्हें समय पर अस्पताल पहुँचाना और यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, तेज रफ्तार से बचाव, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाना, शराब सेवन कर वाहन न चलाना और यातायात नियमों का पालन जैसे मुद्दों पर प्रभावी तर्क प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्री संजय शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा शिक्षा ही जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि हम सभी यातायात नियमों का पालन करें तो अनावश्यक दुर्घटनाओं से बच सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर अतिरिक्त संचालक श्री जे. पी. रथ, संयुक्त संचालक श्री के. कुमार तथा उप संचालक वित्त श्री रामानंद कुंजाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बस्तर संभाग का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में बस्तर संभाग से तीन टीमें शामिल हुईं। इसमें स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तोकापाल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं कांकेर जिले के प्रतिभागी तृतीय स्थान पर रहे।
द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आयोजकों की ओर से ₹25,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विजेता टीम में पृथ्वी नाग, सक्षम जैन, इंद्रेश कुमार विश्वकर्मा, तिषा ठाकुर, समग्र जैन, सोनी मौर्य, मोक्ष ठाकुर, हेमेश्वरी सेठिया, पुरुषोत्तम बघेल एवं विकास कुमार कश्यप शामिल रहे, जिन्होंने मंच पर अपने विचारों से सभी को प्रभावित किया।
इस उपलब्धि के पीछे जिला कलेक्टर बस्तर हरीश एस, संयुक्त संचालक शिक्षा राकेश पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल और खंड शिक्षा अधिकारी तोकापाल पूनम सलाम का मार्गदर्शन रहा।
विद्यालय के प्राचार्य विधु शेखर झा ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और अभिभावकों का सहयोग ही इस उपलब्धि का आधार है। राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करना गर्व की बात है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले शिक्षकों में इरम रहीम, नीलम भास्कर, भूमिका साहा और काजल यादव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।



No comments