जगदलपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रविवार को जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के नानगूर मंडल के ग्राम पंचायत पंडरीपानी (...
जगदलपुर:
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रविवार को जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के नानगूर मंडल के ग्राम पंचायत पंडरीपानी (बूथ क्रमांक 178) में ग्रामीण कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 127वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देश की 140 करोड़ जनता से सीधे संवाद स्थापित करते हैं। यह कार्यक्रम न केवल प्रेरणादायी है बल्कि देश को दिशा प्रदान करने वाला भी है। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री मोदी के विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रकृति से जुड़े महापर्व छठ को श्रद्धा, अपनापन और परंपरा का प्रतीक बताया तथा सभी देशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में बस्तर अंचल का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि “कभी माओवादी हिंसा से ग्रस्त यह क्षेत्र आज दीपावली के अमन के दीपों से जगमगा उठा है।
प्रधानमंत्री ने अंबिकापुर में स्वच्छता के लिए चलाए जा रहे अभिनव अभियान प्लास्टिक के बदले गार्डन कैफे में भोजन की सराहना की और इसे जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली एकता दौड़ में सभी नागरिकों से शामिल होने की अपील की।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी 7 नवम्बर को राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष कार्यक्रमों के आयोजन की जानकारी दी तथा 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस पूरे देश में हर्षोल्लास से मनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नानगूर मंडल के प्रमुख कार्यकर्ता रजनीश पानीग्राही, मंडल अध्यक्ष हरिराम मंडावी, महामंत्री चंद्रकांत सेठिया, रैदू नाग, उपाध्यक्ष जयमोहन शर्मा, जनपद सदस्य श्रीमती पार्वती शर्मा, सरपंच रोहित पंत, उप सरपंच चैतन कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित थे।




No comments