जगदलपुर: बास्तानार ब्लॉक के कुमारसाडरा क्षेत्र में आज विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई। बाजार पारा कुम्हारसाडरा से कोलापारा–काकलूर...
जगदलपुर: बास्तानार ब्लॉक के कुमारसाडरा क्षेत्र में आज विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई। बाजार पारा कुम्हारसाडरा से कोलापारा–काकलूर तक 8.50 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना का भूमिपूजन विधिवत सम्पन्न हुआ। इस सड़क के निर्माण के लिए रु. 894.55 लाख की स्वीकृत राशि मंजूर की गई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद महेश कश्यप एवं विधायक विनायक गोयल शामिल हुए, जिन्होंने संयुक्त रूप से भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
सांसद महेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी आवश्यकताओं को मजबूत करना केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “सरकार की हर लोककल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारी नीति और संकल्प है।” सांसद कश्यप ने बताया कि सड़क निर्माण से ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही आसान होगी और कृषि उपज, वनोपज एवं स्थानीय उत्पादों के परिवहन को नई गति मिलेगी।
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि यह सड़क न केवल आवागमन को सरल बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा बाजारों तक पहुंच भी बेहतर करेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा किया जाएगा और विकास में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समारोह में उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में हो रहे सतत विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क बनने से पूरे इलाके का आर्थिक और सामाजिक विकास और भी तेज होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती महावती मंडावी, जिला पंचायत सदस्य सुश्री पदमनी कश्यप, मंडल अध्यक्ष सुनील कुहरामी, सोमारू राम कश्यप, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष लच्छिन यादव, कमल ठाकुर, गंगा पोडियामी, नारायण सिंह ठाकुर, संतोष ठाकुर, मनोज सेठिया, बामन राम वेट्टी, कोसा राम पोयाम, बदरू पोडियामी, ईश्वर मुचाकी, किरण ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



No comments