जगदलपुर, 21 नवंबर 2025: बस्तर जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्त...
जगदलपुर, 21 नवंबर 2025: बस्तर जिला भाजपा की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने भाजपा द्वारा जारी की गई इस सूची पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे वर्ग विशेष वाद से प्रेरित बताते हुए कहा कि भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी सामाजिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक समरसता के मूल सिद्धांतों से बिल्कुल परे है।
जावेद खान ने आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे के नेतृत्व में जारी इस सूची में सामाजिक विविधता पूरी तरह नदारद है। उनका कहना है कि भाजपा के ही कई समाजों से आने वाले कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर विशेष वर्ग के नेताओं को प्रधानता दी गई है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि जो पार्टी अपने ही संगठन में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास सुनिश्चित नहीं कर पा रही, वह जनता के बीच इन मूल्यों को कैसे सिद्ध करेगी?
उन्होंने दावा किया कि भाजपा की नई कार्यकारिणी में ब्राह्मण समाज के नेताओं का वर्चस्व स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जबकि सिख, मुस्लिम, क्रिश्चियन, जैन, महेश्वरी, क्षत्रिय, सिंधी, बौद्ध, मिथिला सहित कई समाजों के भाजपा कार्यकर्ताओं को पूरी तरह उपेक्षित कर दिया गया है। जावेद ने कहा कि यह न केवल सामाजिक संतुलन के विरुद्ध है, बल्कि उन कार्यकर्ताओं के साथ राजनीतिक हत्या जैसा व्यवहार है, जिन्होंने लंबे समय तक संगठन के लिए काम किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा बार-बार एक विशेष वर्ग को आगे बढ़ाने वाली अपनी विचारधारा को स्वयं प्रमाणित करती रही है, और नई कार्यकारिणी इस सोच का एक और ताजा उदाहरण है।
जावेद खान ने कहा कि इस सूची से कई समाजों के वरिष्ठ और जमीनी स्तर पर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं में गहरी निराशा पैदा हुई है, और वे खुद को संगठन में उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।


No comments