भारतीय किसान यूनियन और ग्राम पंचायत चित्रकोट की पहल, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पर्यावरण संरक्षण और सोनम वांगचुक के समर्थन में उठाई...
भारतीय किसान यूनियन और ग्राम पंचायत चित्रकोट की पहल, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पर्यावरण संरक्षण और सोनम वांगचुक के समर्थन में उठाई आवाज
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा) : चित्रकोट जलप्रपात के निकट रविवार को भारतीय किसान यूनियन (बस्तर) और ग्राम पंचायत चित्रकोट के संयुक्त तत्वावधान में मानव श्रृंखला बनाकर धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार लोहंडीगुड़ा को ज्ञापन सौंपा गया। आयोजन का नेतृत्व ग्राम पंचायत चित्रकोट के सरपंच भंवर मौर्य ने किया।
ज्ञापन में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर NEET सहित अन्य परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं पर चिंता जताई गई। इसमें निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जवाबदेह और सुरक्षित परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।
इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन, पर्यावरण संरक्षण, लोकतांत्रिक आंदोलनों के सम्मान तथा स्थानीय स्तर पर विरोध झेल रही परियोजनाओं पर संवेदनशीलता से विचार करने की मांग भी की गई। ज्ञापन में शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया गया है।


No comments