जगदलपुर, 02 दिसंबर 2025: स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय द्वारा बस्तर संभाग में कार्यरत शिक्षक एवं प्रधान पाठक (प्राथमिक शाला...
जगदलपुर, 02 दिसंबर 2025:
स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक कार्यालय द्वारा बस्तर संभाग में कार्यरत शिक्षक एवं प्रधान पाठक (प्राथमिक शाला), नियमित एवं एलबी संवर्ग की 01 अप्रैल 2024 की स्थिति पर आधारित अंतरिम वरिष्ठता सूची जारी कर दी गई है। जारी निर्देशों के अनुसार यह सूची सभी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालयों के सूचना पटल पर प्रदर्शित कर दी गई है, ताकि सभी संबंधित कार्मिक इसे देखकर सत्यापन कर सकें।
विभाग ने शिक्षकों से 08 दिसंबर 2025 तक वरिष्ठता सूची के संबंध में दावा-आपत्तियाँ आमंत्रित की हैं। प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों की जाँच उपरांत संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संशोधित एवं अद्यतन जानकारी को 10 दिसंबर 2025 तक हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी सहित संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि वरिष्ठता सूची से किसी भी शिक्षक का नाम छूट जाने या इसके कारण पदोन्नति से वंचित होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। यह प्रक्रिया शिक्षकों की पदोन्नति एवं सेवा संबंधी मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आरंभ की गई है।


No comments