सुकमा ( विमलेंदु शेखर झा ) :- सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गा...
सुकमा (विमलेंदु शेखर झा ) :- सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड) के जवानों ने कोंटा–किस्टाराम के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया। इस कार्रवाई को जिले में सक्रिय नक्सली नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में कोंटा एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य और एरिया कमांडर सचिन मंगडू भी शामिल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मारे गए सभी नक्सली ASP आकाश राव गिरपुंजे की हत्या की साजिश और वारदात में शामिल थे।
बताया गया है कि सुरक्षा बलों को इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद डीआरजी की टीम ने सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग की, जिस पर जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कई घंटे चली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को निर्णायक बढ़त मिली।
पूरे ऑपरेशन की निगरानी सुकमा एसपी किरण चव्हाण स्वयं कर रहे हैं। मुठभेड़ के बाद इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। मौके से हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री बरामद होने की भी सूचना है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से दक्षिण बस्तर में नक्सली गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा। हाल ही में बारसे देवा के सरेंडर के बाद यह ऑपरेशन नक्सल विरोधी अभियान की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन जल्द ही इस पूरे अभियान को लेकर विस्तृत जानकारी साझा कर सकता है।


No comments