जगदलपुर: राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत लोहण्डीगुड़ा विकासखंड में विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने एवं उनकी निय...
जगदलपुर:
राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत लोहण्डीगुड़ा विकासखंड में विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने एवं उनकी नियमित विद्यालय उपस्थिति को प्रोत्साहित करने हेतु एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक विनायक गोयल के करकमलों से 374 छात्र-छात्राओं को सायकल वितरित की गईं। साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में 5 शासकीय विद्यालयों को स्मार्ट टीवी भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को सायकल वितरण किया गया। विवरण के अनुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धाराऊर में 16, शासकीय विद्यालय चित्रकोट में 78, बड़ाजी में 35, लोहण्डीगुड़ा में 37, ककनार में 4, कुम्हली में 13 सायकल सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलाकर कुल 374 सायकल वितरित की गईं। सायकल प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
इस अवसर पर विधायक विनायक गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरस्वती सायकल योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना और विद्यालय आने-जाने की समस्याओं को दूर करना है। सायकल मिलने से बच्चों की स्कूल तक पहुंच आसान होगी, समय की बचत होगी तथा ड्रॉपआउट की समस्या में कमी आएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने और अपने परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विधायक गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ डिजिटल एवं तकनीकी ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों को स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राएं डिजिटल शिक्षा, ऑडियो-विजुअल माध्यम एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का लाभ ले सकें। इससे विषयों को सरल, रोचक और प्रभावी तरीके से समझने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण अंचलों में शिक्षा को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, जनपद अध्यक्ष श्रीमती पदमा कश्यप, उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, जिला मंत्री रैतुराम बघेल, पूर्व मण्डल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर बाबुल नाग , नरेश खापड़े , भरत कश्यप , सावेन्द्र सेठिया , अजय बघेल , उमेन्द्र ठाकुर , लखन ठाकुर , गुड्डू कश्यप , सुदरू सेठिया , मांझीराम ठाकुर , राजूरामसहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, बी.ई.ओ. श्रीमती शालिनी तिवारी, बी.आर.सी. पिलाराम सिन्हा, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




No comments