जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के व्यापार प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष एवं मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-15 के छाया पार्ष...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के व्यापार प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष एवं मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-15 के छाया पार्षद राजेंद्र पटवा ने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि वार्ड में प्रस्तावित नवीन आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन हुए लगभग ढाई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
पटवा ने बताया कि इस आंगनबाड़ी का भूमिपूजन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक किरण सिंह देव द्वारा किया गया था। बावजूद इसके, आज तक न तो भवन की नींव रखी गई है और न ही निर्माण की कोई ठोस पहल दिखाई दे रही है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार के “खोखले विकास” का उदाहरण बताया।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस वार्ड में प्रदेश अध्यक्ष का शासकीय निवास स्थित है और जहां से भाजपा का पार्षद भी निर्वाचित है, वहां इस प्रकार की लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है। बच्चों के लिए शिक्षा और पोषण जैसी मूलभूत सुविधाओं का वादा करने वाली सरकार की प्राथमिकताएं इस मामले में स्पष्ट रूप से विफल साबित हो रही हैं।
राजेंद्र पटवा ने स्थानीय पार्षद की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए और इसे प्रशासनिक उदासीनता का संकेत बताया। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों को इस विषय पर पहल करते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आंगनबाड़ी निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ नहीं किया जाता है, तो कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगी।
आंगनबाड़ी जैसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी प्रोजेक्ट का लंबे समय तक अधर में लटका रहना न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को भी प्रभावित करता है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर कब तक संज्ञान लेते हैं।


No comments