नारायणपुर (विमलेंदु शेखर झा). आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के बस्तर ज़ोन में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से 10 से 15 अप्रैल तक चल रही विधान...
नारायणपुर (विमलेंदु शेखर झा). आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के बस्तर ज़ोन में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से 10 से 15 अप्रैल तक चल रही विधानसभावार बैठकों के क्रम में सोमवार को नारायणपुर जिले में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और गांव-गांव तक संगठन विस्तार का संकल्प लिया।
बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती ही क्षेत्र में बदलाव का आधार बनेगी।
प्रदेश संगठन मंत्री समीर खान के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में उन्होंने बस्तर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कई योजनाएं जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू नहीं हो पा रही हैं। विशेष रूप से नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
बैठक में नरेंद्र नाग ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत होने के बावजूद क्षेत्र में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने खराब सड़कों, पेयजल संकट और नल-जल योजना के कमजोर क्रियान्वयन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यक्रम में परमित दुगा, रामदेव दुगा, विजय कोरम, संजय उसेंडी, तिजाराम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments