जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोधघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुल...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोधघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 54 किलो गांजा के साथ 6 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 26.97 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि राजस्थान से आए चार व्यक्ति शहर के गोयल धर्मशाला के कमरा नंबर 9 में ठहरे हुए हैं। इसी दौरान सुकमा के दो युवक उनसे मिलने पहुंचे, जो अपने साथ अलग-अलग बैग में अवैध गांजा लेकर आए थे। सभी आरोपी इस गांजा को राजस्थान ले जाने की तैयारी में थे।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गोयल धर्मशाला में दबिश देकर मौके से 6 आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू कुशवाहा, श्रीनिवास, देशराज कुशवाहा, पंकज उपरेती, राम सिंह और दुबराज कश्यप शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने चार बैगों में रखे सात पैकेट गांजा बरामद किया, जिसका कुल वजन 54 किलो है। इसके अलावा 6 मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


No comments