जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा) : बस्तर जिले में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत 27 अप्रैल 2026 को ‘गौ सम्मान दिवस’ बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और ...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा) : बस्तर जिले में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत 27 अप्रैल 2026 को ‘गौ सम्मान दिवस’ बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इस संबंध में जगदलपुर स्थित माहेश्वरी भवन में जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलेभर के पदाधिकारी, गौ सेवक और अभियान से जुड़े कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले की सभी तहसीलों में 27 अप्रैल तक जनसंपर्क और हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस जन आंदोलन से जोड़ा जा सके।
अभियान के जिला प्रभारी मुन्ना कोरी ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन मूल्यों की आधारशिला हैं। यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि गौ माता को संवैधानिक सम्मान दिलाने और देश में पूर्ण गौ हत्या बंदी लागू कराने का संकल्प है। उन्होंने बस्तरवासियों से अपील की कि वे हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर इसे सफल बनाएं।
वहीं दीपक पनपालिया ने कहा कि गौ सेवा न केवल धार्मिक आस्था का विषय है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक समृद्धि से भी जुड़ी हुई है। “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के माध्यम से जिले के हर घर तक गौ संरक्षण का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि ‘गौ सम्मान दिवस’ सामाजिक चेतना और वैचारिक जागरण का प्रतीक बन सके।
बैठक में शैलेन्द्र साहू, शारदा पटेल सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
27 अप्रैल 2026 को पूरे बस्तर में ‘गौ सम्मान दिवस’ मनाया जाएगा
सभी तहसीलों में जनसंपर्क व हस्ताक्षर अभियान
गौ संरक्षण और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग
बस्तर में ‘गौ सम्मान दिवस’ के माध्यम से एक व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत हो रही है, जिसका उद्देश्य समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसे जन आंदोलन का रूप देना है।


No comments