जगदलपुर/लोहण्डीगुड़ा (विमलेंदु शेखर झा) : डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को लोहण्डीगुड़ा में भव्य एवं गरिमामय समार...
जगदलपुर/लोहण्डीगुड़ा (विमलेंदु शेखर झा) : डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को लोहण्डीगुड़ा में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति एवं क्षेत्र के विभिन्न समाजों द्वारा इसकी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
आयोजन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, समारोह की शुरुआत सुबह 9 बजे अंबेडकर भवन में पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे बाजार शेड लोहण्डीगुड़ा में आमजन का एकत्रीकरण किया जाएगा। सुबह 11 बजे चित्रकोट में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना का कार्यक्रम रखा गया है।
इसके पश्चात 11:30 बजे ग्राम भ्रमण के साथ भव्य रैली निकाली जाएगी, जो क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। रैली के समापन के बाद दोपहर 1 बजे सामूहिक भोज का आयोजन होगा। वहीं, दोपहर 2 बजे मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अतिथियों द्वारा बाबा साहब के विचारों पर प्रकाश डाला जाएगा।
समारोह में बस्तर सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनायक गोयल करेंगे। इसके अलावा दीपक बैज, लच्छूराम कश्यप एवं राजमन बेंजाम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति के राकेश मेश्राम ने बताया कि यह आयोजन अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और आयोजन को सफल बनाएं।
इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और संविधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया जाएगा।




No comments