जगदलपुर: बस्तर जिले के जनपद पंचायत जगदलपुर परिसर में संचालित ‘बिहान कैंटीन’ आज महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की सशक्त मिसाल बनकर उभर ...
जगदलपुर: बस्तर जिले के जनपद पंचायत जगदलपुर परिसर में संचालित ‘बिहान कैंटीन’ आज महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की सशक्त मिसाल बनकर उभर रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत शुरू हुई यह पहल न केवल स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए चर्चित है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम भी बन चुकी है।
ग्राम पंडरीपानी-1 के श्री साईं महिला स्व सहायता समूह की पांच महिलाओं द्वारा संचालित इस कैंटीन ने महज दो महीनों में ही अपनी अलग पहचान बना ली है। समूह की अध्यक्ष श्रीमती सुमिता पटनायक और सचिव रीता पंडा के नेतृत्व में यह प्रयास निरंतर सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
जनपद परिसर आड़ावाल में स्थित इस कैंटीन का शुभारंभ 25 फरवरी 2026 को जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग द्वारा किया गया था। शुरुआत से ही स्वाद और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के कारण यह कैंटीन आम नागरिकों के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों की भी पसंदीदा जगह बन गई है
यहां स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों के साथ दक्षिण भारतीय पकवान भी किफायती दरों पर उपलब्ध हैं। कैंटीन की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब जनपद और जिला स्तर की बैठकों में चाय-नाश्ता और भोजन की जिम्मेदारी भी इसी समूह को सौंपी जा रही है।
आर्थिक रूप से भी यह पहल बेहद सफल साबित हो रही है। फरवरी में 6,200 रुपये की आय से शुरुआत करने वाली इस कैंटीन ने मार्च में 18,320 रुपये की कमाई की। वहीं अप्रैल के पहले 10 दिनों में ही 11,400 रुपये की आय अर्जित कर कुल आय 35,920 रुपये तक पहुंच गई है।
‘बिहान कैंटीन’ की यह सफलता न केवल समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में प्रेरित कर रही है। यह पहल साबित करती है कि अवसर और सहयोग मिलने पर ग्रामीण महिलाएं किसी भी क्षेत्र में सफलता की नई कहानी लिख सकती हैं।



No comments