जगदलपुर: शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को एलुमनी एसोसिएशन के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम उत्स...
जगदलपुर:
शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को एलुमनी एसोसिएशन के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार ने स्वागत उद्बोधन में संस्थान की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कॉलेज में IIT Bhilai के सहयोग से शोध कार्य प्रारंभ किया गया है। साथ ही, भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र की स्थापना भी की गई है, जो विद्यार्थियों को पारंपरिक और आधुनिक ज्ञान के समन्वय का अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि महाविद्यालय के छह विभागों को पीएचडी शोध केंद्र के रूप में मान्यता प्राप्त हो चुकी है, जिससे बस्तर अंचल के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और अनुसंधान के बेहतर अवसर मिलेंगे।
एलुमनी एसोसिएशन के समन्वयक प्रो. अभिषेक बाजपेयी ने बताया कि वर्ष 1960 में स्थापित इस महाविद्यालय ने अब तक अनेक आईएएस, आईपीएस, आईएफएस अधिकारी, वैज्ञानिक, प्राध्यापक और विभिन्न क्षेत्रों में सफल पेशेवर तैयार किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित एलुमनी एसोसिएशन शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक न्याय और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
बैठक में उपस्थित पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए संस्थान के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। इस दौरान एलुमनी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया भी संपन्न हुई, जिसमें किरण सिंह देव का नाम संरक्षक सदस्य के रूप में प्रस्तावित किया गया।


No comments