जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): बस्तर जिला महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष लता निषाद ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए महिला आरक्षण और ‘नारी श...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): बस्तर जिला महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष लता निषाद ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए महिला आरक्षण और ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शुरू से ही महिला आरक्षण की विरोधी रही है और अब चुनावी परिस्थितियों को देखते हुए इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
लता निषाद ने कहा कि महिलाओं को अधिकार दिलाने की दिशा में कांग्रेस की सोच हमेशा से समतावादी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘नारी शक्ति वंदन’ के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविक पहल कांग्रेस सरकारों के समय हुई थी।
उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए सरकार ने महिला आरक्षण विधेयक को राज्यसभा में पारित कराया था। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और पीवी नरसिम्हा राव के प्रयासों से पंचायतों और नगरपालिकाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण मिला, जिसका परिणाम है कि आज देशभर में लाखों महिला जनप्रतिनिधि सक्रिय हैं।
लता निषाद ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, जिसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की नाराजगी को दूर करने और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए ही महिला आरक्षण बिल लाया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि आज महिलाएं महंगे गैस सिलेंडर, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हैं, लेकिन सरकार इन मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए महिला आरक्षण का सहारा ले रही है।
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा वास्तव में महिलाओं को सशक्त बनाने की नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ लेने की है और यह विधेयक भी जल्दबाजी में तथा अलोकतांत्रिक तरीके से लाया जा रहा है।


No comments