जगदलपुर, 15 अप्रैल 2026: प्रदेश में सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 515 नवीन प...
जगदलपुर, 15 अप्रैल 2026:
प्रदेश में सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 515 नवीन पैक्स (PACS) सोसाइटी का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री और विभागीय अधिकारी कार्यक्रम से जुड़े, जबकि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप पश्चिम बंगाल से वर्चुअली शामिल हुए।
इस महत्वपूर्ण पहल के तहत बस्तर संभाग को 39 नई पैक्स सोसाइटी की सौगात मिली है, जिससे क्षेत्र के किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर इसे किसानों के लिए “बड़ी सौगात” बताते हुए कहा कि “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने जानकारी दी कि नई समितियों के जुड़ने से प्रदेश में सहकारी समितियों की कुल संख्या बढ़कर 2,573 हो गई है। साथ ही सरकार खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
जगदलपुर स्थित जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। बैंक के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और इस पहल के साक्षी बने।
बैंक अधिकारियों के अनुसार, नई पैक्स सोसाइटी और लैम्प्स के माध्यम से किसानों को ऋण, बीज, खाद सहित अन्य आवश्यक सेवाएं अब अधिक सुगमता से उपलब्ध होंगी। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान बैंक पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि यह पहल सहकारिता तंत्र को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएगी तथा किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप कोंडागांव के अनंतपुर लैम्प्स से वर्चुअली जुड़े। वहीं जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक विनोद बुनकर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुंवर सिंह ध्रुव एवं अतिरिक्त प्रबंधक एस.ए. रजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




No comments