जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने आज बस्तर विधानसभा अंतर्गत ग्राम पिपलावण्ड में विकास कार्यों को नई दि...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा):
बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने आज बस्तर विधानसभा अंतर्गत ग्राम पिपलावण्ड में विकास कार्यों को नई दिशा देते हुए मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र एवं व्यावसायिक परिसर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जनप्रतिनिधियों का भव्य स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम देवी के दर्शन के साथ हुई, जहां सांसद महेश कश्यप ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर नवनिर्मित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र और व्यावसायिक परिसर का औपचारिक शुभारंभ किया।
सांसद महेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि यह मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक परिसर के माध्यम से स्थानीय युवाओं को गांव में ही स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे उन्हें बाहर भटकना नहीं पड़ेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि बस्तर के हर गांव तक विकास की यह धारा निरंतर पहुंचेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र से बच्चों को बेहतर पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा मिलेगी, वहीं व्यावसायिक परिसर छोटे व्यापारियों और युवाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनेगा।
ग्रामवासियों ने इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रति आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से इन सुविधाओं की आवश्यकता थी, जो आज पूरी हो गई है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुखदेव मण्डावी, जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, जनपद सदस्य एवं भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनिता बघेल, हमरू बघेल, ननक साहू, विजय सिन्हा, रुपसिंग मौर्य, ललित बघेल, नक्चड़ी कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।




No comments