बीजापुर: कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में ‘नियद नेल्लानार’ ग्राम पंचायतों में लगातार संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया जा रह...
बीजापुर:
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में ‘नियद नेल्लानार’ ग्राम पंचायतों में लगातार संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड भोपालपटनम के ग्राम पंचायत बड़ेकाकलेड में 13 अप्रैल को एक प्रभावी शिविर आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को मौके पर ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ दिया गया। कुल 31 जॉब कार्ड वितरित किए गए, वहीं जन्म, जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन लिए गए। इसके अलावा बैंक खाता खोलने सहित कई योजनाओं के फॉर्म भी भरवाए गए, जिससे लोगों को तत्काल सुविधा मिल सकी।
स्वास्थ्य विभाग ने ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत शिविर में स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग की व्यवस्था की, जिससे ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध हो सकीं।
शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों को भी प्रशासन के सामने रखा। कुल 55 व्यक्तिगत और सामुदायिक आवेदन प्राप्त हुए। प्रमुख मांगों में क्षेत्र में बस सेवा शुरू करना, बिजली विस्तार और नियमित आपूर्ति, संचार सुविधा के लिए जियो मोबाइल टावर लगाना, प्राथमिक कृषि सहकारी समिति संड्रा (विस्थापित) को मूल स्थान पर पुनः संचालित करना तथा इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वर्ष 2003 से बंद तेंदूपत्ता तोड़ाई पुनः शुरू करने की मांग शामिल रही।
इस अवसर पर जनपद प्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। व्यापक जनभागीदारी के साथ शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जहां शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल देखने को मिली।



No comments