जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोमवार को एक वीडिय...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोमवार को एक वीडियो बयान जारी कर भाजपा सरकार पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराधों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हो रही घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई।
बैज ने बीजापुर, दुर्ग, अंबिकापुर और रायपुर में हाल ही में सामने आए दुष्कर्म के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का भय कम होता दिखाई दे रहा है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मामलों में राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों के नाम सामने आने की चर्चा है, जिसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच बेहद जरूरी है। बैज ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी मामले में जनप्रतिनिधि या प्रभावशाली व्यक्ति शामिल पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं हो सकती। बैज ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर व्यापक समीक्षा की भी मांग की।


No comments