जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात विभाग ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर ...
जगदलपुर (विमलेंदु शेखर झा): शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात विभाग ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया है। मुख्य मार्गों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में विभाग की टीम सक्रिय होकर दुकानदारों को समझाइश दे रही है।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों का सामान, बोर्ड, डमी और स्टैंड सड़क पर न रखें, बल्कि दुकान के भीतर ही व्यवस्थित करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर फैला सामान यातायात बाधित करता है, जिससे जाम की स्थिति बनती है और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
यातायात विभाग के अनुसार, शहर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए यह पहल जरूरी हो गई है। सड़क और फुटपाथ सार्वजनिक उपयोग के लिए हैं, इसलिए इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी खतरा है।
विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि समझाइश के बाद भी यदि नियमों का पालन नहीं किया गया, तो आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग दुकानदारों से सहयोग की अपेक्षा कर रहा है ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और जाम की समस्या से राहत मिल सके।


No comments