जगदलपुर/लोहण्डीगुड़ा : ग्राम पंचायत गढ़िया में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सरपंच भरत कश...
जगदलपुर/लोहण्डीगुड़ा : ग्राम पंचायत गढ़िया में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सरपंच भरत कश्यप ने समाज प्रमुखों एवं ग्रामीणों के साथ बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके महान योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच भरत कश्यप ने कहा कि बाबा साहेब का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने बताया कि उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण है, जिसे हर व्यक्ति को अपनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं बस्तरवासियों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षित बनें, जागरूक रहें और अपने अधिकारों को समझते हुए सामाजिक समरसता के साथ जीवन यापन करें।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करने और सामाजिक एकता को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।


No comments