जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): कमर्शियल और 5 किलो LPG सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार ...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): कमर्शियल और 5 किलो LPG सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला महामंत्री अनुराग महतो ने इसे आम जनता, छोटे व्यवसायियों और मजदूर वर्ग पर महंगाई का सीधा प्रहार बताया है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर महतो ने कहा कि चुनाव समाप्त होते ही केंद्र की मोदी सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में एकमुश्त ₹993 की बढ़ोतरी कर दी है, वहीं 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर की कीमत में ₹261 की वृद्धि की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच महीनों में कमर्शियल सिलेंडर के दामों में कुल ₹1510 तक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
महतो के अनुसार, जनवरी से मई 2026 तक सिलेंडर कीमतों में लगातार इजाफा हुआ है जनवरी में ₹111, फरवरी में ₹50, मार्च में ₹146, अप्रैल में ₹218 और मई में ₹993 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि यह लगातार बढ़ती महंगाई आम लोगों की रसोई और छोटे व्यापार दोनों पर असर डाल रही है।उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि 28 अप्रैल को ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि चुनाव के बाद ईंधन और गैस के दाम बढ़ेंगे, जो अब सही साबित हुआ है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस बढ़ोतरी से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे उद्योग बुरी तरह प्रभावित होंगे। पहले से ही महंगाई और अन्य आर्थिक दबाव झेल रहे इन व्यवसायों के लिए संचालन मुश्किल हो जाएगा, जिससे रोजगार पर भी संकट गहरा सकता है।
महतो ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह निर्णय आम जनता की बजाय बड़ी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाला है। उन्होंने मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए कमर्शियल और 5 किलो LPG सिलेंडर के बढ़े हुए दामों को तत्काल वापस लिया जाए और आम लोगों को राहत दी जाए।


No comments