जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): बस्तर क्षेत्र में जनसेवा और अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए महेश कश्यप ने एक सराहनीय पहल करते हुए दिव्यांग ...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): बस्तर क्षेत्र में जनसेवा और अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए महेश कश्यप ने एक सराहनीय पहल करते हुए दिव्यांग बेटी राखी को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भेंट की। ग्राम पंचायत कैकाचेरबहार के आश्रित ग्राम बेंगलुर की निवासी राखी लंबे समय से चलने-फिरने में असमर्थ थीं, जिससे उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था।
राखी की स्थिति की जानकारी मिलते ही सांसद कश्यप ने बिना देर किए सहायता का निर्णय लिया। उन्होंने स्वयं उपस्थित होकर राखी को अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर की चाबी सौंपी और उसके उपयोग की जानकारी भी दी। इस सहयोग से अब राखी अपने दैनिक कार्यों और आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहेंगी।
इस अवसर पर सांसद कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है, और उनका प्रयास है कि बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाला कोई भी दिव्यांग स्वयं को असहाय महसूस न करे।
उन्होंने आगे कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से दिव्यांगजनों के जीवन को आसान बनाना आवश्यक है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में बराबरी से जुड़ सकें। सांसद कश्यप द्वारा इससे पूर्व भी क्षेत्र में कई दिव्यांगजनों को बैटरी चालित स्कूटी, व्हीलचेयर एवं अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए जा चुके हैं।
इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर मिलने के बाद राखी ने भावुक होकर सांसद का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब वे स्वतंत्र रूप से घर से बाहर निकल सकेंगी और अपने कार्य स्वयं कर सकेंगी। इस दौरान ग्राम पंचायत कैकाचेरबहार के सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल एक दिव्यांग बेटी के जीवन में बदलाव लाई है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की मिसाल भी प्रस्तुत करती है।


No comments