जगदलपुर: भारत सरकार द्वारा 1 मई से प्रारंभ किए गए जनगणना अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र में कार्य तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में महापौर सं...
जगदलपुर: भारत सरकार द्वारा 1 मई से प्रारंभ किए गए जनगणना अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र में कार्य तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में महापौर संजय पांडेय ने इंदिरा वार्ड पहुंचकर जनगणना कार्य का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने घर-घर जाकर चल रहे सर्वेक्षण कार्य का अवलोकन किया और मौके पर मौजूद प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सर्वेक्षण प्रक्रिया की गुणवत्ता, सटीकता और पारदर्शिता पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि किसी भी घर या व्यक्ति की जानकारी छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े एकत्र करने का कार्य नहीं, बल्कि देश की भावी योजनाओं की मजबूत नींव है।
महापौर पांडेय ने जनगणना कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने आम नागरिकों से भी संवाद कर जनगणना के महत्व को समझाया और अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी सरकारी योजनाएं जनगणना के आंकड़ों पर आधारित होती हैं। ऐसे में यदि जानकारी अधूरी या गलत दी जाती है, तो योजनाओं का लाभ प्रभावित हो सकता है।
महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करना होगा।
अंत में उन्होंने नागरिकों से सहयोगात्मक रवैया अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एक जागरूक नागरिक के रूप में इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



No comments