जगदलपुर: बस्तर संभाग में नवाचार, स्टार्टअप, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय परिसर में आ...
जगदलपुर:बस्तर संभाग में नवाचार, स्टार्टअप, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय परिसर में आज से दो दिवसीय ‘इनोवेशन महाकुंभ 1.0’ का भव्य आगाज हो रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार सुबह 9 बजे महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य एवं अध्यक्षता में होगा।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, सांसद श्री महेश कश्यप, महापौर श्री संजय पांडे सहित कई विशिष्ट अतिथि एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यक्रम में स्वदेशी एवं उद्यमिता विशेषज्ञ श्री सतीश कुमार, एनईटीएफ के चेयरमैन प्रो. अनिल डी सहस्रबुद्धे, आईआईटी भिलाई के डायरेक्टर प्रो. राजीव प्रकाश, सीजी कॉस्ट के निदेशक डॉ. प्रशांत कवीश्वर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तित्व युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के स्वागत उद्बोधन से होगी, जबकि कुलसचिव डॉ. राजेश लालवानी द्वारा आभार प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर पद्मश्री बुधरी ताती को सम्मानित किया जाएगा तथा ‘इनोवेशन एंड स्टार्टअप कंपेंडियम 2026 (रोडमैप फॉर विकसित भारत @ 2047)’ का विमोचन भी किया जाएगा।
तीन तकनीकी सत्रों में मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन:
शुभारंभ सत्र के पश्चात तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश-प्रदेश के विशेषज्ञ युवाओं को स्टार्टअप, एंटरप्रेन्योरशिप और नवाचार से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स देंगे। इसमें प्रो. सत्यनारायण सेशाद्रि, सम्यक जैन, प्रो. विकास सिंह, प्रो. हुलास पाठक सहित कई विशेषज्ञ शामिल रहेंगे।
महाकुंभ में पर्यटन, जनजातीय कला, वनोपज, खाद्य प्रसंस्करण, हर्बल उत्पाद, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कृषि तकनीक, निवेश, एमएसएमई, बैंकिंग, मिलेट्स, एनआरएलएम और स्टार्टअप से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों की विस्तृत जानकारी मिलेगी।
कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को एसएमकेवि इनोवेशन एंड स्टार्टअप फाउंडेशन, टीआईई रायपुर और आई-क्रिएट के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
शाम के सत्र में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जो आयोजन को और आकर्षक बनाएगी।
यह आयोजन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग सहित कई संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है, जो बस्तर को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




No comments