बीजापुर: जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मावरम और चिंतावागु स्थित 212वीं बटालियन CRPF कैंपों में 3 मई 2026 की शाम करीब 5:05 बजे आए भ...
बीजापुर: जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मावरम और चिंतावागु स्थित 212वीं बटालियन CRPF कैंपों में 3 मई 2026 की शाम करीब 5:05 बजे आए भीषण आंधी-तूफान, तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने व्यापक नुकसान पहुंचाया।
तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते कैंपों के कई ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी जवान के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
धर्मावरम कैंप में तूफान का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला, जहां कंपनी स्टोर की छत उड़ गई और करीब 60 शीट की सीमा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा सिग्नल मास्ट और एंटीना जैसे महत्वपूर्ण संचार उपकरण भी प्रभावित हुए। भारी जलभराव के कारण कंप्यूटर, एलईडी टीवी और कई आवश्यक दस्तावेज भी खराब हो गए।
वहीं चिंतावागु कैंप में आकाशीय बिजली गिरने से शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे 30 केवी का जनरेटर सेट पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। तेज हवाओं के चलते अधिकारियों के मेस और संतरी पोस्ट को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद CRPF और स्थानीय प्रशासन ने तत्काल राहत और मरम्मत कार्य शुरू कर दिए हैं। प्राथमिकता के तौर पर जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और संचार व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।


No comments