जगदलपुर: बस्तर पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे...
जगदलपुर: बस्तर पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 लाख 19 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, गलाए गए कीमती धातु के डले, 5 हजार रुपये नगद तथा एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र के ग्राम तारागांव तथा थाना परपा क्षेत्र के ग्राम धरमाउर में सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाएं हुई थीं। तारागांव निवासी भगवती सरकार एवं उनके पति सदानंद सरकार ने 15 जून की रात अज्ञात चोरों द्वारा घर से सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग एवं एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई के पर्यवेक्षण में थाना लोहण्डीगुड़ा और परपा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर तारागांव निवासी रूद्रांचल ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों कृष्णा शेट्टी और अविनाश स्वामी के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए आभूषणों को अपने परिचित अजय व्यापारी के माध्यम से गीदम निवासी सोनार संतोष सोनी को बेच दिया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा शेट्टी, अविनाश स्वामी, रूद्रांचल ठाकुर, अजय व्यापारी तथा संतोष सोनी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोहण्डीगुड़ा निरीक्षक रवि बेगा, थाना प्रभारी परपा निरीक्षक मो. तारिक सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बस्तर पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


No comments