बीजापुर(विमलेंदु शेखर झा): भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि प...
बीजापुर(विमलेंदु शेखर झा): भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल सदन, बीजापुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का प्रसिद्ध नारा "एक देश में दो निशान, दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे" आज भी राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने में उनके योगदान को देश सदैव स्मरण करेगा।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, त्याग और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है, जिससे नई पीढ़ी को सीख लेने की आवश्यकता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उर्मिला तोकल, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप तेलम, भाजयुमो जिलाध्यक्ष हरिहर साहनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति समर्पित भाव के साथ किया गया, जहां सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।



No comments