रायपुर/नई दिल्ली: भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले सात दिनों के दौरान देश के ...
रायपुर/नई दिल्ली: भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले सात दिनों के दौरान देश के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण भारत में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही उत्तर और मध्य भारत में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल तट पर पहुंचने की स्थिति में है। हालांकि इस वर्ष मानसून अपनी सामान्य तिथि से कुछ दिनों की देरी से आगे बढ़ रहा है। इसके बावजूद अरब सागर में अनुकूल परिस्थितियां बनने के कारण मानसून की रफ्तार तेज होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और तेलंगाना सहित कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां:
प्रदेश में नौतपा के अंतिम दिनों के बावजूद मौसम लगातार बदल रहा है। रायपुर सहित कई जिलों में बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में अंधड़ और वर्षा की संभावना जताई है। कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान सुकमा में 2 मिमी, पेंड्रारोड में 15.6 मिमी और जगदलपुर में 2.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अंबिकापुर में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश में कहीं भी लू की स्थिति नहीं बनी है।
13 जून तक जगदलपुर पहुंच सकता है मानसून:
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 13 जून के आसपास छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस बार भी मानसून की एंट्री बस्तर संभाग के जगदलपुर क्षेत्र से हो सकती है। इसके बाद दो से तीन दिनों में रायपुर सहित अन्य हिस्सों तक मानसून पहुंच जाएगा। 20 जून तक पूरे प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के आसार हैं।
बिजली गिरने की घटनाओं से सतर्क रहने की अपील:
प्री-मानसून गतिविधियों के बीच दंतेवाड़ा जिले के चंदेनार क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। वहीं कोरबा सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के कारण पेड़ गिरने और यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।


No comments