जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए इस वर्ष जगदलपुर शहर सहित संपूर्ण बस्तर जिले में व्यवस्थित पौधरो...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा):
बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए इस वर्ष जगदलपुर शहर सहित संपूर्ण बस्तर जिले में व्यवस्थित पौधरोपण अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। शहर के सभी 48 वार्डों तथा आसपास के क्षेत्रों में ऐसे स्थानों का चिन्हांकन किया जा रहा है, जहां कम से कम 10 पौधे लगाए जा सकें।
जगदलपुर महापौर संजय पांडे तथा बस्तर संभाग के मुख्य वन संरक्षक आलोक तिवारी एवं डीएफओ बस्तर उत्तम गुप्ता इस योजना पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की पर्यावरण उप समिति एवं पर्यावरण प्रेमियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यापक पौधरोपण अभियान की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वार्ड में ऐसे स्थानों का चयन किया जाएगा, जहां विभिन्न प्रजातियों के कम से कम 10 पौधे लगाए जा सकें। चयनित भूमि नजूल, शासकीय, निजी अथवा कॉलोनी क्षेत्र की हो सकती है, बशर्ते संबंधित व्यक्ति या संस्था की सहमति प्राप्त हो। साथ ही स्थानीय पार्षद, निगम एवं संबंधित विभागों की सहमति भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्थान चयन के बाद वहां स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों की भागीदारी से उत्सव के रूप में पौधरोपण किया जाएगा। पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए पर्यावरण प्रेमियों, वार्डवासियों, परिवारों, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं से पौधारोपण के दिन से 1000 दिन तक पौधों को जीवित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया है।
अभियान से जुड़ने के इच्छुक नागरिक अपने वार्ड पार्षद, रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्यों अथवा पर्यावरण प्रेमियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 9981359606 नंबर पर संपर्क या व्हाट्सएप के माध्यम से भी सहमति दर्ज कराई जा सकती है।
बैठक में उपस्थित लोगों ने बस्तर जिले में पिछले 10 से 15 वर्षों के दौरान बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त की और वृक्षारोपण को इसका प्रभावी समाधान बताया। सभी ने सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर सहमति जताई।
बैठक में एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी पर्यावरण उप समिति के अध्यक्ष विधु शेखर झा, सुभाष क्षेत्रपाल, संतोष वर्मा, अंजू झा, एच.वाई. कुकड़े, रतन व्यास, रामनरेश पांडे, उमा गुप्ता, प्रेमजीत निराला, देवेंद्र देवांगन, नवीन बोथरा, संजीव पिल्ले, पी. नागेंद्र, पूर्णिमा सरोज, अभिषेक कौशल, विनय डनसेना, एसडीओ योगेश रात्रे, रेंजर देवेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।


No comments