जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जगदलपुर बस स्टैंड से 8.08 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ ...
जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जगदलपुर बस स्टैंड से 8.08 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी रायपुर ले जाकर गांजा की बिक्री करने की फिराक में बस का इंतजार कर रहा था।
पुलिस के अनुसार 28 जून को थाना बोधघाट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से आया एक व्यक्ति लाल-सफेद रंग के बैग में गांजा लेकर जगदलपुर बस स्टैंड स्थित आम के पेड़ के पास रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुकड़ा धुरवा (45 वर्ष) निवासी केंदुगुड़ा नदीपारा, थाना व्यापारीगुड़ा, जिला कोरापुट (ओडिशा) बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 8.08 किलोग्राम गांजा और 700 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने गांजा और नकदी जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। 29 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में थाना बोधघाट के निरीक्षक टामेश्वर चौहान सहित उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, पीएसआई नागेंद्र सिंह, प्रिया यादव, निर्मला सिदार तथा अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


No comments