जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): शहर के कोतवाली थाना के सामने रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 जून को...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): शहर के कोतवाली थाना के सामने रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 जून को दोपहर करीब 3 बजे एक ऑटो ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पास स्थित ट्रांसफार्मर से जा भिड़ी, जिसके बाद ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई।
कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया तथा पास खड़ी बाइक उसकी चपेट में आ गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी जितेंद्र साहू तत्काल थाना परिसर से दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने साहस और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए यातायात पुलिस के जवानों के साथ मिलकर आग की चपेट में आ रही बाइकों को सुरक्षित स्थान पर हटाया। उनकी तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और आग को फैलने से रोका जा सका।
घटना में एक बाइक को नुकसान पहुंचा है। वहीं समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से जनहानि नहीं हुई। थाना प्रभारी जितेंद्र साहू की सूझबूझ और साहसिक कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की जाती तो आग आसपास खड़े अन्य वाहनों तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान होने की आशंका थी।


No comments