जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान के विरोध मे...
जगदलपुर(विमलेंदु शेखर झा): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला बस्तर ने रविवार को जगदलपुर में मशाल जुलूस निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर सड़क पर उतरे और राष्ट्रगीत के सम्मान के समर्थन में नारे लगाए।
मशाल जुलूस की शुरुआत कोतवाली चौक से हुई। कार्यकर्ता मेन रोड से होते हुए मां दंतेश्वरी मंदिर के समीप पहुंचे, जहां जुलूस का समापन हुआ। इस दौरान ‘वंदे मातरम् का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे नारों से शहर का माहौल गूंज उठा।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता की लड़ाई, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र से जुड़े प्रतीकों का किसी भी मंच पर अपमान देशवासियों की भावनाओं को आहत करता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने कहा कि राष्ट्र के गौरव और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से जुड़े प्रतीकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगौरव और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महापौर संजय पांडे ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे पावन अवसर पर कांग्रेस नेताओं द्वारा किया गया कथित कृत्य देश की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का अपमान देशवासी स्वीकार नहीं करेंगे।
मशाल जुलूस में बस्तर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे, आर्येन्द्र सिंह आर्य, रजनीश पाणिग्राही, परिस बेसरा, श्रीनिवास मिश्रा, अविनाश श्रीवास्तव, राजेन्द्र बाजपेयी, रोहित त्रिवेदी, मनोहर दत्त तिवारी, रणजीत पांडे, प्रकाश झा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे।


No comments