Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

नकली सोने का हार दिखाकर ग्रामीण से 10 हजार की ठगी, नगरनार पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

यह भी पढ़ें -

जगदलपुर। नगरनार थाना क्षेत्र में नकली सोने के हार को असली बताकर ग्रामीण से 10 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार ...

जगदलपुर। नगरनार थाना क्षेत्र में नकली सोने के हार को असली बताकर ग्रामीण से 10 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4,950 रुपये नगद, तीन नकली सोने की माला तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मंगनपुर निवासी लिंगेश्वर सेठिया ने 7 अगस्त 2026 को नगरनार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 6 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे वह काम से जगदलपुर जाने के लिए घर से निकल रहा था। इसी दौरान दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे। उनमें से एक ने अपना नाम मोहन लाल सोलंकी, निवासी भिलाई-दुर्ग बताया और पैसों की जरूरत होने की बात कहते हुए करीब पांच लाख रुपये कीमत का सोने का हार होने का दावा किया।

आरोपी ने ग्रामीण को हार दिखाते हुए उससे रुपये मांगे। प्रार्थी ने इतनी बड़ी रकम की तत्काल व्यवस्था नहीं होने की बात कही। इस पर आरोपी ने कम से कम 10 हजार रुपये देने और शेष रकम अगले दिन देने की बात कही। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए प्रार्थी ने 10 हजार रुपये देकर हार अपने पास रख लिया।

बाद में जब प्रार्थी हार को जांच कराने सोनार की दुकान पर ले गया तो वह सोना नहीं, बल्कि पीतल मिश्रित नकली हार निकला। इसके बाद प्रार्थी ने नगरनार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 117/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के दिशा-निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने पतासाजी करते हुए दोनों आरोपियों मोहन लाल सोलंकी (52 वर्ष), निवासी नेहरू चौक चरौदा, थाना भिलाई-3, जिला दुर्ग तथा मोहन राय (52 वर्ष), निवासी हथनीपारा वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4,950 रुपये नगद, दो अन्य नकली सोने की मालाएं तथा प्रार्थी को दी गई पीतल मिश्रित एक नकली सोने की माला सहित कुल तीन नकली मालाएं और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी, पीएसआई दीपक सिंह ठाकुर, सउनि दिनेश ठाकुर, आरक्षक विक्रम उरांव, सुरेन्द्र तिर्की, अशोक सिंह, डीएसएफ आरक्षक भास्कर भारद्वाज एवं कार्तिक नाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

No comments