ग्रामीणों और व्यापारियों की समस्याएं सुन कांग्रेस ने सड़क से सदन तक आवाज उठाने का दिया भरोसा जगदलपुर/नगरनार। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमे...
ग्रामीणों और व्यापारियों की समस्याएं सुन कांग्रेस ने सड़क से सदन तक आवाज उठाने का दिया भरोसा
जगदलपुर/नगरनार। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेस के ‘मिशन गांव चलो’ अभियान के तहत नगरनार बाजार में ‘चाय पर चर्चा व जनसंपर्क’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व और नगरनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष सेठिया की अगुवाई में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों और व्यापारियों ने बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर, खाद-यूरिया एवं पोटाश की उपलब्धता, किसानों से जुड़े मुद्दों तथा NMDC से प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को कांग्रेस नेताओं के सामने रखा। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर ग्रामीणों एवं आम उपभोक्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि बिजली की खपत में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने के बावजूद बिलों में बढ़ोतरी से लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों को समय पर खाद, यूरिया और पोटाश उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में कृषि सामग्री की कमी का सीधा असर किसानों की फसल और आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है।
मौर्य ने NMDC से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांवों के लोगों की अपेक्षाओं और किए गए वादों के अनुरूप कार्य नहीं होने से ग्रामीणों में असंतोष है। विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्थानीय विधायक पर क्षेत्र की समस्याओं के प्रति उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और इन मुद्दों को हर स्तर पर उठाया जाएगा।
नगरनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संतोष सेठिया ने कहा कि ‘मिशन गांव चलो’ केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गांव और आम जनता के बीच सीधे संवाद का माध्यम है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बाजार-बाजार पहुंचकर जनता की वास्तविक समस्याओं को समझ रहे हैं। नगरनार क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों ने जिन मुद्दों को सामने रखा है, उन्हें गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने भी ग्रामीणों एवं व्यापारियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने में विश्वास रखती है। नगरनार क्षेत्र के लोगों द्वारा उठाए गए मुद्दों को कांग्रेस संगठन के माध्यम से मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘मिशन गांव चलो’ अभियान का उद्देश्य जनता से सीधा संपर्क स्थापित करना, उनकी समस्याएं सुनना और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगरनार क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी जनसंपर्क जारी रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर इन समस्याओं को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में वीरेंद्र साहनी, लेखन बघेल, अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा, अमित पाण्डे, घनश्याम महापात्रा, विजय बिसाई, दयाराम कश्यप, भोजराज नाग, कमल बघेल, लक्मन सेठिया, धनुजय दास, संजय नाग, धरम दास नाग, मुकद नेताम सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments